Monday, October 13, 2014

राहत यूपीपीएससी ने डेढ़ वर्ष में घोषित किए पांच भर्तियों के परिणाम

सत्र नियमित होने की उम्मीद
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की लगातार भर्ती परीक्षाओं से प्रतियोगियों की चुनौती तो बढ़ी है लेकिन इससे बड़ी राहत भी मिली है। पिछले डेढ़ साल में ही आयोग ने पांच बड़ी भर्तियों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए। इनमें से कई भर्तियां तो पांच साल से लंबित थीं। जूनियर इंजीनियर, प्रवक्ता समेत कई अन्य भर्तियां इनसे अलग हैं। इतना ही नहीं कई भर्ती परीक्षाएं भी एक के बाद एक लगातार हैं तो नए सत्र की नियुक्तियों के लिए भी अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। ऐसे में वर्षों बाद आयोग का सत्र नियमित होने की उम्मीद बंधी हैं।
उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की कई भर्तियों का वर्षों से इंतजार है। इनके अलावा कई भर्ती परीक्षाओं तथा रिजल्ट का लंबे समय से इंतजार है। पहले आयोग में भी कमोवेश यही हाल रहा। आलम यह रहा कि पांच साल तक तैयारियों के बाद भी कई प्रतियोगियों को एक अवसर भी नहीं मिला। हालांकि अब सुधार की उम्मीद है। पिछले डेढ़ साल में आयोग ने पीसीएस-2011 और 2012, लोअर सबऑर्डिनेट-2008 एवं 2009 तथा समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी-2009 के फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिए। पीसीएस-2013 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट भी नवंबर में संभावित है। पिछले दो साल की कार्यशैली को देखें तो नवंबर और दिसंबर में इंटरव्यू कराके दिसंबर या जनवरी में फाइनल रिजल्ट भी घोषित हो जाएगा। पीसीएस-2014 की मुख्य परीक्षा भी पांच नवंबर से प्रस्तावित है। पीसीएस-2013 के कुछ समय बाद इसका भी अंतिम परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। इसके अलावा आयोग की लोअर सबऑर्डिनेट-2013 की मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर तथा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी-2013 की 19 और 20 अक्तूबर को है। इस तरह से इन भर्तियों के फाइनल होने के बाद आयोग का सत्र काफी हद तक नियमित हो जाएगा।
नई भर्तियों की भी तैयारी
सत्र नियमित करने के साथ आयोग कई नई भर्तियों के लिए भी विज्ञापन निकालने की तैयारी में है। गौर करने वाली बात यह है कि पीसीएस-2015 का विज्ञापन भी इस बार जनवरी से पहले आने की उम्मीद है। इसके परीक्षा प्रारूप में भी व्यापक बदलाव की तैयारी है। यदि ऐसा हुआ तो पीसीएस में भी सिविल सर्विसेज की तरह एक वैकल्पिक विषय होगा। जीएस के चार पेपर होंगे। हालांकि सिविल सर्विसेज की तरह इसमें क्वालीफाइंग अंग्रेजी का पेपर रखा जाए या नहीं इस पर विवाद बना हुआ है। इसके अलावा शासन ने सचिवालय में आरओ के ढाई सौ से अधिक पदों पर भर्ती के लिए आयोग में अधियाचन भेजा है। आयोग में भी सहायक समीक्षा अधिकारी समेत अलग-अलग श्रेणी के 100 पद सृजित किए गए हैं। इन पर भी इसी साल भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी है। खंड शिक्षा अधिकारी समेत कई अन्य पदों पर भर्ती के लिए भी जल्द विज्ञापन निकाले जाने की बात कही जा रही है।
दो महीने में 900 पदों के लिए इंटरव्यू
इलाहाबाद (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर में साक्षात्कार का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस दौरान एलोपैथिक चिकित्साधिकारी और अधीनस्थ कृषि सेवा वर्ग-3 पदाें पर भर्ती के लिए इंटरव्यू होगा। एलोपैथिक चिकित्साधिकारी के 2371 पदाें के लिए 27 अक्तूबर से पांच दिसंबर तक साक्षात्कार होगा। अधीनस्थ कृषि सेवा (प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी) के 6629 पदों के लिए 27 अक्तूबर 24 दिसंबर के बीच इंटरव्यू होगा।
पीसीएस-2013 मेंस का रिजल्ट दीवाली के बाद में संभावित

No comments:

Post a Comment