एक और शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का श्री गणेश, मंगाए जा रहे आवेदन
इलाहाबाद : प्रतियोगी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। एक और शिक्षक भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। सब कुछ दुरुस्त रहा तो इसी महीने प्रशिक्षित स्नातक एवं प्रवक्ता (टीजीटी-पीजीटी) परीक्षा 2014 का एलान हो सकता है। सभी जिलों से खाली जगहों के आवेदन मांगे जा रहे हैं और कुछ जिलों ने तो भेज भी दिया है। इस परीक्षा की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होनी हैं। इसके लिए सॉफ्टवेयर तैयार कराया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अब प्रतियोगी छात्रों को आंदोलन करने का मौका देने के मूड में नहीं है। शायद इसीलिए पहले टीजीटी-पीजीटी 2013 परीक्षा की तारीखें घोषित की और 2011 की इसी परीक्षा की हाई कोर्ट में पैरवी कर रही है, ताकि स्थगनादेश खत्म होते ही वह परीक्षा भी कराई जा सके। इन सबके बीच सेवा चयन बोर्ड माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए टीजीटी व पीजीटी 2014 की परीक्षा कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है। बोर्ड ने सभी जिलों को पत्र भेजकर खाली पदों की सूचनाएं मांगी थी। लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक जिलों ने तो सूचनाएं भेज भी दी हैं। शासन ने परीक्षा के आवेदन व अन्य कार्यो के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया आपने को पहले ही मंजूरी दी है। अफसरों का दावा है कि 2014 की परीक्षा का आवेदन ऑनलाइन ही लिया जाएगा। फीस भी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे और चालान का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा प्रश्नपत्र का फार्मेट और प्रश्नपत्र बनाने वालों की टीम में बदलाव करने की तैयारी है। कहा जा रहा है कि आगामी प्रश्नपत्र ऐसे आएंगे कि कटऑफ बहुत ऊपर नहीं जाएगा। साफ है कि प्रश्नपत्र हल करना आसान नहीं होगा। इसकी एक वजह यह भी है कि योग्य व अच्छे शिक्षकों का चयन होना है। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सचिव जितेंद्र कुमार का कहना है कि टीजीटी-पीजीटी 2014 की परीक्षा की तैयारियां तेज हैं। प्रयास है कि इसी त्यौहारों के महीने में ही परीक्षा कराने का एलान हो जाए।

No comments:
Post a Comment