Friday, October 10, 2014

18 निकाय न्यूनतम वेतनमान देने पर सहमत

लखनऊ। सरकार के निर्णय के अनुसार प्रदेश के 18 निकाय वेतन समिति की संस्तुतियों के आधार पर संविदा पर रखे गए सफाई कर्मियों को महंगाई भत्ते को जोड़ते हुए न्यूनतम वेतनमान देने पर सहमति दे दी है। संबंधित निकायों ने नगर विकास विभाग को इसकी जानकारी दे दी है। निकायों ने बताया कि बोर्ड की बैठक में उनके यहां अपने खर्च पर न्यूनतम वेतनमान देने का निर्णय किया गया है।
सरकार ने वेतन समिति की संस्तुतियों के आधार पर निकायों में संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मियों को न्यूनतम वेतनमान के साथ महंगाई भत्तों को जोड़कर वेतन देने का निर्णय किया था। इसके आधार नगर विकास विभाग ने निकायों को निर्देश दिया था कि वे अपने यहां बोर्ड में इस आशय का प्रस्ताव पास कराएं कि वे इसका भार स्वयं उठाएंगे। इसके आधार पर प्रदेश के 18 निकायों नगर निगम अलीगढ़, पालिका परिषद उतरौला, बहजोई संभल, लोनी गाजियाबाद, सोनभद्र, स्वार रामपुर, नगर पंचायत झींझक कानपुर देहात, नरौली संभल, हरैया बस्ती, भोजपुर धर्मपुर मुरादाबाद, कुंदरकी मुरादाबाद, सुल्तानपुर सहारनपुर, जोया अमरोहा, रामकोला कुशीनगर, अमरौधा कानपुर देहात, अकबरपुर कानपुर देहात, अमेठी लखनऊ तथा फरह मथुरा ने सहमति दे दी है।

No comments:

Post a Comment