Sunday, October 5, 2014

30 दिन पूरे, नहीं हुआ निर्देशों का पालन - महाविद्यालयों में अभी तक नहीं हुई बायोमेटिक अटेंडेंस व्यवस्था

  • शासन ने दिए थे आदेश, कॉलेजों में लगें सर्विलांस कैमरे
  • महाविद्यालयों में अभी तक नहीं हुई बायोमेटिक अटेंडेंस व्यवस्था

लखनऊ : शहर के सभी महिला महाविद्यालयों में एक माह के भीतर सर्विलांस कैमरे लगाने के शासन के निर्देशों का पालन कॉलेज प्रशासन अब तक नहीं कर पाया है। इस ढिलाई के बाद यह तो साफ हो गया है महाविद्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा अब तक अहम मुद्दा नहीं बन सका है।1देश में बढ़ते महिला अपराध को रोकने में नाकाम राज्य सरकार ने छात्रओं की सुरक्षा के प्रति अपनी संजीदगी दिखाते हुए प्रदेश के सभी महिला महाविद्यालयों में मुख्य द्वार पर ही नहीं परिसर के अंदर भी और छात्रवासों में सर्विलांस कैमरे 30 सितंबर तक लगाने के निर्देश दिए थे। विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन मुरली मनोहर लाल ने इस आशय का पत्र निदेशक उच्च शिक्षा को भेजा था। यह निर्देश सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित महिला महाविद्यालयों में लागू करने का निर्देश निदेशक उच्च शिक्षा को दिए गए थे। कैमरों के जरिए 15 दिनों की रिकॉर्डिग का डाटा भी सुरक्षित रखने को कहा गया था।1क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने इस बाबत महिला महाविद्यालयों के अलावा सभी सह शिक्षा कॉलेजों में भी यह निर्देश लागू करने के लिए कहा था, लेकिन अधिकांश महाविद्यालयों में अब तक ऐसी कोई भी कवायद शुरू नहीं की जा सकी है। शहर के कुल 62 महिला महाविद्यालयों में करीब 10 कॉलेजों में ही कैमरे लग पाए हैं। इनमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस महिला महाविद्यालय, नवयुग कन्या महाविद्यालय, महिला महाविद्यालय, खुनखुनजी महाविद्यालय, एपी सेन कॉलेज शामिल हैं। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राम सहाय ने बताया कि प्रत्येक कॉलेज में कैमरे लगाने में 50 से 60 हजार का खर्च है जिसके अभाव के चलते अभी कई जगह कैमरे नहीं लग पाए हैं। धन जुटा कर जल्द ही यहां भी लग जाएंगे। 

बायोमेटिक भी नहीं : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यूजीसी ने भी विद्यार्थियों व शिक्षकों की भी उपस्थिति न्यूनतम 75 फीसद करने के लिए कॉलेजों में बायोमेटिक अटेंडेंस व्यवस्था के भी आदेश दिए थे जिसका पालन नहीं हो सका है। अभी तक यह केवल जय नारायण पीजी कॉलेज, कृष्णा देवी कॉलेज व महिला महाविद्यालय में ही लग पाया है। वहीं गुरू नानक गल्र्स कॉलेज में अभिभावकों को मोबाइल द्वारा छात्र की उपस्थिति का संदेश देने की व्यवस्था है।

No comments:

Post a Comment