किसान सेवा केंद्र में नौकरी के नाम पर युवती से ठगी की कोशिश
जागरण संवाददाता, कानपुर : किसान सेवा केंद्र की फर्जी वेबसाइट बनाकर या अखबारों में विज्ञापन देकर बेरोजगारों को ठगने का सिलसिला जारी है। सेवा केंद्र में ग्राहक सेवा प्रतिनिधि के पद पर नौकरी देने के नाम पर कानपुर की एक युवती के साथ ठगी का प्रयास किया गया। धोखाधड़ी का एहसास होने के बाद युवती अब इसकी शिकायत पुलिस में करने की तैयारी कर रही है। उसको जिस तरह का नियुक्ति पत्र भेजा गया है अगर आपको भी मिले तो सावधान हो जाइए। नियुक्ति पत्र में केंद्र सरकार का हिस्सा बनने के एवज में 13 हजार 500 रुपये की मांग की गई है। इसमें लिखा हुआ है कि आपको मिलने वाला वेतन 29 हजार पांच सौ 75 रुपये होगा। डीएवी के एक पूर्व प्रोफेसर के घर में काम करने वाली युवती ने पिछले महीने एक अखबार में विज्ञापन देखकर एसएमएस के जरिये आवेदन किया था। 23 सितंबर को कॉल आई और उससे ‘देश कब आजाद हुआ था, भारत के प्रधानमंत्री का क्या नाम है व कालीदास का पूरा नाम क्या है’ जैसे प्रश्न पूछे गए। उसने उन प्रश्नों का जवाब दे दिया। एक अक्टूबर को उसके पास भारतीय किसान सेवा केंद्र कृषि एवं सहकारिता विभाग, रोजगार भर्ती कार्यालय, चंडीगढ़ का नियुक्ति पत्र आ गया। यह पत्र उसे स्पीड पोस्ट के जरिये 11, वेस्ट गुरुनानक नगर, गली नंबर 2, नई दिल्ली से भेजा गया था। नियुक्ति पत्र में अशोक की लाट बना हुई थी जिससे वह सरकारी नजर आ रहा था। इस पत्र में दिए गए 08373966181 मोबाइल नंबर पर जब युवती ने बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ मिला। बाद में युवती से केंद्रीय कृषि मंत्रलय की ओर से इस स्थाई नियुक्ति के एवज में मांगी गई अनुबंध राशि दो राष्ट्रीय बैंक के जरिये भारतीय किसान सेवा केंद्र के सचिव के नाम पर जमा करने के लिए कहा गया।
2054 तक के लिए कर दिया नियुक्त : नियुक्ति पत्र में युवती को केंद्र सरकार का हिस्सा बनाए जाने के साथ वर्ष 2054 तक के लिए स्थाई पद पर नियुक्त दिखाया गया है। नियुक्ति पत्र में मासिक वेतन और सुविधाओं के संदर्भ में लिखा हुआ है कि आपको वेतन एवं दूसरी सुविधाएं 12वीं पंचवर्षीय योजना के महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार योजना के आधीन दी जाती हैं। वेतन आपको प्रतिमाह की सात तारीख तक कृषि मंत्रलय की ओर से भेज दिया जाता है। वेतन में प्रतिवर्ष पांच फीसद की दर से वृद्धि की जाती है। पत्र में लिखी भारतीय किसान सेवा केंद्र की प्रमुख शाखाएं है- इलाहाबाद, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, बरेली, आगरा, देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, गाजियाबाद, हिसार, पानीपत, जयपुर, जोधपुर, पटना, साहबगंज, रांची, मंडी, शिमला, मुंबई, अहमदाबाद, गांधीनगर, शिमला, चंडीगढ़, रोहतक, गुडग़ांव, पंचकुला, लखनऊ, हरिद्वार, अंबाला, पानीपत, जम्मू, काठगोदाम, बांद्रा, पुणो, गोरेगांव, नागपुर, शोलापुर, सागर, ग्वालियर, नैनीताल, रतलाम, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रायपुर, भुवनेश्वर, बालेश्वर, कोलकाता, सिलीगुड़ी, असनसोल, हरबा व दुर्गापुर।
No comments:
Post a Comment