हर सप्ताह बीएसए व लेखाधिकारी करेंगे अनुश्रवण
फरुखाबाद, जागरण संवाददाता : परिषदीय शिक्षकों के वेतन व अन्य प्रकार के अवशेष देयकों के भुगतान पर होने वाली उगाही पर अब रोक लगने के आसार हैं। वित्त नियंत्रक ने एरियर के समयबद्ध भुगतान के निर्देश देते हुए हर सप्ताह भुगतान कार्रवाई का अनुश्रवण किए जाने को कहा है। शिक्षकों की नियुक्ति के बाद प्रमाण पत्रों का सत्यापन आने तक के समय का कई महीने का वेतन बकाया हो जाता है। इसके अलावा निलंबन व अन्य कार्रवाई में भी वेतन रुक जाता है। शिक्षकों का आरोप रहता है कि सभी प्रकार के अवशेष देयकों के भुगतान में ब्लाक स्तर से मुख्यालय तक शिक्षकों से उगाही होती है। बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद के वित्त नियंत्रक रतन कुमार ने भी इस प्रक्रिया से शिक्षकों को होने वाली परेशानी पर आपत्ति की है। वित्त नियंत्रक ने जारी पत्र में कहा है कि अंतरजनपदीय तबादलों व अन्य प्रकार के वेतन अवशेष का समय पर भुगतान न होने से जन प्रतिनिधियों ने भी असंतोष व्यक्त किया है। इसलिए अवशेष देयकों के समयबद्ध व त्वरित भुगतान की कार्रवाई की जाए। साप्ताहिक व पाक्षिक रूप से अनुश्रवण कर एरियर भुगतान प्रकरण निस्तारित किये जायें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगराज सिंह ने बताया कि अवशेष देयकों के बिलों का लेखा विभाग रजिस्टर बनायेगा। जो बिल पहले आयेंगे, उनका भुगतान पहले होगा। वित्त नियंत्रक के निर्देशों का अनुपालन किया जायेगा।
No comments:
Post a Comment