Wednesday, October 8, 2014

कक्षाएं छोड़ कोचिंग पढ़ाने में जुटे सरकारी शिक्षक

  • सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक अपने नाम का बोर्ड लगा चला रहे कोचिंग
इलाहाबाद। सरकार की ओर से कोचिंग संस्थानों में पढ़ाने पर पूरी तरह से पाबंदी के बाद भी सरकारी स्कूलों के शिक्षक अपना कोचिंग इंस्टीट्यूट खोलकर पढ़ाने में जुटे हैं। कई शिक्षक तो बच्चों को प्रैक्टिकल परीक्षा के अंक सहित परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने के नाम पर अपनी कोचिंग में पढ़ने को मजबूर कर रहे हैं। प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक की ओर से चेतावनी के बाद भी कोचिंग वाले शिक्षक मानने को तैयार नहीं हैं।
अमर उजाला की ओर से शहर के कई स्कूलों में कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाए जाने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रबंधन एवं शिक्षकों में खलबली मची है। शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के अंग्रेजी, भौतिकी, कामर्स, केमेस्ट्री, गणित, बायो सहित कई अन्य विषयों के शिक्षक कोचिंग संस्थानों को अपनी सेवा दे रहे हैं अथवा अपनी कोचिंग चला रहे हैं। स्वराज भवन के बगल में अनन्या कोचिंग में इकोनॉमिक्स पढ़ाने वाले डॉ. आनंद शुक्ला लालापुर के हरिशंकर पांडेय इंटर कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता हैं। इसी प्रकार निष्ठा कोचिंग नाम से कोचिंग चलाने वाले अविनाश तिवारी गंगापार के एक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं।
शहर के इलाहाबाद इंटर कॉलेज के रसायन विज्ञान के शिक्षक, अंग्रेजी के शिक्षक एवं कामर्स के शिक्षक एलनगंज स्थित गुरुकृपा कोचिंग में अपनी सेवा दे रहे हैं। यह शिक्षक अपने घर पर भी स्कूल के बच्चों को बुलाकर कोचिंग पढ़ाते हैं। इसी प्रकार केशर विद्यापीठ के गणित के प्रवक्ता मुट्ठीगंज स्थित कुमार कोचिंग चलाते हैं जबकि इसी स्कूल के इतिहास के शिक्षक दिग्गज सिंह सिंगरौर इंटर कॉलेज में अपनी कोचिंग चला रहे हैं। इसी विद्यालय के जीव विज्ञान के प्रवक्ता शहर के कई कोचिंग संस्थानों में छद्म नाम से पढ़ा रहे हैं।
कर्नलगंज इंटर कॉलेज के भौतिकी के प्रवक्ता एवं बायो के प्रवक्ता शहर की अलग-अलग कोचिंग में शिक्षण के साथ अपने घर पर भी कोचिंग पढ़ा रहे हैं। सीएवी इंटर कॉलेज के बायो के प्रवक्ता भी कोचिंग में पढ़ा रहे हैं। नैनी के पंडित रणजीत इंटर कॉलेज के अंग्रेजी के शिक्षक आरपी वर्मा एवं इसी स्कूल में पूर्व में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता रहे और वर्तमान में फतेहपुर धाता में एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संदीप राठौर सप्ताह में तीन आकर कोचिंग में पढ़ाते हैं।
अभिभावकों ने दी स्कूलों की सूचना
शहर के ईश्वर शरण बालिका इंटर कॉलेज, ईश्वर इंटर कॉलेज, नेशनल इंग्लिस स्कूल प्रयाग स्ट्रीट, मैडम क्यूरी स्कूल अल्लापुर सहित बड़ी संख्या में स्कूलों में कोचिंग चलाने की सूचना अभिभावकों ने अमर उजाला को दी है।

No comments:

Post a Comment