Thursday, October 16, 2014

कंप्यूटर अनुदेशकों की तेज होगी लामबंदी

इलाहाबाद : हक की मांग पर मिली लाठी से माध्यमिक विद्यालयों के संविदा कंप्यूटर अनुदेशक आक्रोशित हैं। विधान भवन के पास 13 अक्टूबर हुई पुलिसिया लाठीचार्ज के बाद वह शांत बैठने के बजाय सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक कंप्यूटर शिक्षक परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अनुभव श्रीवास्तव का कहना है मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले कंप्यूटर अनुदेशकों को विनियमित करने का वादा किया था, सरकार बनने के बाद उसे भूल गए। अब हक की जगह हमें लाठी मिल रही है। कहा कि सरकार लाठी के दम पर हमारी आवाज दबाना चाहती है, जिसमें वह सफल नहीं होगी। अपने हक के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। पहले जिला स्तर और बाद में प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन होगा। दूसरी तरफ अनुदेशकों को शिक्षक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय कुमार सिंह व डॉ. शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि कंप्यूटर अनुदेशकों की लड़ाई में उनका संगठन पूरा साथ देगा। माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष रामसेवक त्रिपाठी व मंडलीय मंत्री डॉ. नवीन पांडेय ने लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि कंप्यूटर अनुदेशकों का हक दिलाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर आवाज उठाई जाएगी। वहीं माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेशीय मंत्री लालमणि द्विवेदी व मुहर्रम अली ने कहा अनुदेशकों के हित की हरस्तर पर रक्षा की जाएगी।

No comments:

Post a Comment